प्रभास की ‘फौजी’ 19 मार्च 2027 को होगी रिलीज, टीजर में नेताजी और हिटलर की मुलाकात की झलक

मनोरंजन : अभिनेता प्रभास के 47वें जन्मदिन पर उनकी आगामी पीरियड एक्शन फिल्म ‘फौजी’ का नया प्रोमोशनल वीडियो जारी किया गया। ‘डिक्लासिफाइड फाइल नंबर 25’ नाम के इस वीडियो में भारत की आजादी की लड़ाई और दूसरे विश्व युद्ध के दौर से जुड़ी कहानी की झलक दिखाई गई है। इसके साथ ही निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज डेट 19 मार्च 2027 घोषित की है।

वीडियो की शुरुआत 29 मई 1942 की तारीख और बर्लिन के बर्फ से ढके रास्तों से होती है। इसमें नेताजी सुभाष चंद्र बोस और एडोल्फ हिटलर के बीच बातचीत दिखाई गई है। वीडियो के मुताबिक, नेताजी भारत को अंग्रेजों से आजाद कराने के लिए जर्मनी से मदद मांगने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान हिटलर के हारी हुई लड़ाई में साथ नहीं देने की बात कहने पर नेताजी आत्मविश्वास से जवाब देते हैं कि वे अपने दम पर भारत को आजाद करा लेंगे। वह एक ऐसे भारतीय सैनिक और रणनीतिकार का भी जिक्र करते हैं, जिसे अंग्रेज ‘फौजी’ कहते हैं। वीडियो के अंत में प्रभास की आवाज सुनाई देती है, जिसमें वह अंग्रेजों से अपना हक और आजादी छीनने की बात कहते हैं।
फिल्म का निर्देशन हनु राघवपुडी कर रहे हैं, जिन्होंने इससे पहले ‘सीता रामम’ बनाई थी। फिल्म में प्रभास के साथ इमानवी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा मिथुन चक्रवर्ती, जया प्रदा और अनुपम खेर भी अहम किरदार निभाएंगे। ‘फौजी’ 19 मार्च 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम और बंगाली भाषाओं में प्रदर्शित की जाएगी।


