छठ महापर्व पर खटीक समाज ने किया महाप्रसाद वितरण, अतिथियों को किया सम्मानित

जमशेदपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के चौथे और अंतिम दिन जमशेदपुर खटीक समाज की ओर से शास्त्री नगर में भव्य महाप्रसाद वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समाज की वर्षों पुरानी परंपरा के तहत छठ पूजा के बाद समाज के सभी वर्गों के लोगों के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन शहर के समाजसेवी श्री पप्पू सोनकर और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री धर्मेंद्र सोनकर के माध्यम से किया गया।

समारोह में जमशेदपुर न्यायालय के अधिवक्ता एवं समाजसेवी श्री सुधीर कुमार पप्पू तथा जमशेदपुर की न्यूज लेखिका और जमशेदपुर पश्चिम की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अन्नी अमृता को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार, पुलिस पदाधिकारी शिवम राज कुशवाहा, कल्याण परिषद जमशेदपुर के सदस्य रमेश कुशवाहा और दिनेश कुशवाहा, सोनारी थाना शांति समिति के वरिष्ठ सदस्य, आरआर होम कंस्ट्रक्शन के मालिक प्रदीप लाल और हरी दास सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे, सम्मान और सद्भाव को मजबूत करना था। आयोजन को समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट करने और आपसी प्रेम बढ़ाने की पहल के रूप में देखा गया।


