20 नवंबर को बॉक्स ऑफिस पर 6 फिल्मों की टक्कर, धनुष से जैकी श्रॉफ तक की मूवीज होंगी रिलीज

bollywood: 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में 6 फिल्में रिलीज होने जा रही हैं। इनमें कॉमेडी, हॉरर, एक्शन, रोमांस और थ्रिलर जैसी अलग-अलग शैलियों की फिल्में शामिल हैं। इस दिन बॉलीवुड के साथ साउथ की फिल्मों के बीच भी बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला देखने को मिलेगा। रिलीज होने वाली फिल्मों में काली खेती, पार्टी एनिमल्स, प्रताप, ओ.एम: ऑपरेशन मोल, आकासमलो ओका तारा और सत्यवान सावित्री शामिल हैं।

जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की फिल्म ‘काली खेती’ एक साइकोलॉजिकल और सुपरनैचुरल हॉरर फिल्म है। इसकी कहानी ऐसे गांव पर आधारित है, जहां जमीन से एक रहस्यमयी बुरी ताकत जुड़ी है। वहीं, रवि छाबड़िया के निर्देशन में बनी ‘पार्टी एनिमल्स’ में विराज घेलानी और अर्जुन तंवर बचपन के दोस्तों मान पटेल और अरमान खन्ना की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी नए साल की पार्टी के दौरान होने वाली घटनाओं पर आधारित है। अमित साध की ‘प्रताप’ एक एक्शन-थ्रिलर है, जिसमें वह मुंबई पुलिस के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रताप रानाडे बने हैं। एक अपराधी की पिटाई का वीडियो वायरल होने और उसकी पुलिस हिरासत में मौत के बाद प्रताप की जिंदगी बदल जाती है। फिल्म में ईशा देओल, सीमा बिस्वास, तिग्मांशु धूलिया और मिलिंद गुनाजी भी नजर आएंगे।
धनुष की ‘ओ.एम: ऑपरेशन मोल’ लाल चंदन की तस्करी और उसके खिलाफ चलाए जाने वाले अंडरकवर ऑपरेशन पर आधारित है। इसमें ममूटी, साई पल्लवी, श्रीलीला और नसीरुद्दीन शाह भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म तमिल, तेलुगु और हिंदी में रिलीज होगी। दुलकर सलमान की ‘आकासमलो ओका तारा’ एक रोमांटिक ड्रामा है, जिसमें श्रुति हासन, केशव दीपक, रुहानी शर्मा और सात्विका वीरवल्ली भी हैं। करीब 2 घंटे 40 मिनट की यह फिल्म तेलुगु में रिलीज होगी। वहीं, कीर्ति सुरेश अभिनीत ‘सत्यवान सावित्री’ एक थ्रिलर-ड्रामा फिल्म है। मिस्किन के निर्देशन में बनी यह फिल्म तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज की जाएगी। फिलहाल इसकी कहानी और अन्य कलाकारों के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।


