बिग बॉस 20 में माही विज को मिले सबसे कम वोट, सलमान खान ने दी सख्त चेतावनी

bollywood: बिग बॉस 20 के वीकेंड का वार में सलमान खान ने इस हफ्ते की वोटिंग का नतीजा बताया। उन्होंने खुलासा किया कि दर्शकों को काजी तौकीर सबसे ज्यादा पसंद आ रहे हैं। वहीं, कनिका मान को उनके व्यवहार को लेकर फटकार लगाई। इस दौरान सलमान ने यह भी बताया कि इस हफ्ते किस कंटेस्टेंट को सबसे कम वोट मिले हैं।

इस हफ्ते अरिश्फा खान को छोड़कर घर के बाकी सभी सदस्य नॉमिनेटेड थे। इनमें कनिका मान, तन्मय सिंह (स्काउटओपी), काजी अहमद तौकीर, हर्ष मचारे (यंग डीएसए), कुशल तंवर (गुल्लू), लव गिल, उदिति सिंह, आम्रपाली दुबे, माही विज और मनीष गोयल शामिल थे। सलमान ने बताया कि माही विज को सबसे कम वोट मिले हैं। हालांकि, उन्हें घर से बाहर नहीं होना पड़ा, बल्कि उनकी एक लाइफलाइन चली गई।
सलमान ने माही से कहा कि दिवाली सेलिब्रेशन के दौरान उन्होंने अपनी लाइफलाइन बचाने के लिए अरिश्फा को उनके घर से आया ऑडियो नहीं दिया था। अब उन्हें सबसे कम वोट मिले हैं। सलमान ने कहा कि अगर उनके पास केवल एक लाइफलाइन होती तो वह घर से बाहर हो जातीं। उन्होंने माही को इसे सिर्फ एक संकेत नहीं, बल्कि दर्शकों की तरफ से स्पष्ट संदेश मानकर गंभीरता से लेने की सलाह दी। टेली एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, बिग बॉस 20 का ग्रैंड फिनाले 20 दिसंबर को हो सकता है, हालांकि मेकर्स ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।


