हेलिकॉप्टर पेरेंटिंग क्या है? बच्चों की परवरिश में माता-पिता न करें ये 4 गलतियां

LIFESTYLE: आजकल कई माता-पिता बच्चों के बेहतर भविष्य और सुरक्षा की चिंता में उनकी जिंदगी में जरूरत से ज्यादा दखल देने लगते हैं। परवरिश के इस तरीके को हेलिकॉप्टर पेरेंटिंग कहा जाता है। इसमें माता-पिता बच्चे की पढ़ाई, दोस्तों, रोजमर्रा की गतिविधियों और छोटे-बड़े फैसलों पर लगातार नजर रखते हैं। उन्हें लगता है कि ऐसा करके वे बच्चे को परेशानियों से बचा रहे हैं, लेकिन इससे बच्चे की खुद फैसले लेने और समस्याओं का सामना करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है।


बच्चों की परवरिश में माता-पिता अक्सर 4 गलतियां करते हैं। पहली, बच्चे को अपनी पसंद के कपड़े पहनने, दोस्तों के साथ खेलने या शौक चुनने जैसे छोटे फैसले खुद लेने का मौका नहीं देना। दूसरी, हर मुश्किल और असफलता से उसे बचाना, जैसे उसका होमवर्क खुद पूरा करना या दोस्तों के साथ विवाद में तुरंत दखल देना। तीसरी, बच्चे के मैसेज चेक करना, हर दोस्त के बारे में पूछताछ करना और बार-बार उसकी लोकेशन जानना। इससे बच्चे को लग सकता है कि माता-पिता उस पर भरोसा नहीं करते और उसकी प्राइवेसी प्रभावित हो रही है।
चौथी गलती पढ़ाई और अच्छे नंबरों को लेकर जरूरत से ज्यादा दबाव बनाना है। हर परीक्षा और असाइनमेंट पर नजर रखना, हमेशा अच्छे अंक लाने की उम्मीद करना और दूसरे बच्चों से तुलना करना उनमें तनाव, असफलता का डर और आत्मविश्वास की कमी पैदा कर सकता है। इससे बच्चे को लग सकता है कि माता-पिता का प्यार और तारीफ केवल अच्छे नंबर लाने पर निर्भर है। माता-पिता को बच्चों को सही-गलत समझाने के साथ उनकी उम्र के अनुसार फैसले लेने की आजादी देनी चाहिए। उनके साथ ऐसा दोस्ताना रिश्ता बनाना चाहिए, ताकि वे बिना डर अपनी परेशानियां और बातें साझा कर सकें।


