सीबीएसई नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए आयुष सिन्हा का चयन, ईस्ट जोन का करेंगे प्रतिनिधित्व

जमशेदपुर : जुस्को स्कूल साउथ पार्क के कक्षा 12वीं के छात्र आयुष सिन्हा का चयन सीबीएसई नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए हुआ है। राइट हैंड बैटर आयुष ईस्ट जोन का प्रतिनिधित्व करते हुए मदुरै (तमिलनाडु) में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। टूर्नामेंट से पहले वह मदुरै में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में भी शामिल होंगे।

मदुरै में 24 से 30 अक्टूबर तक ईस्ट जोन सीबीएसई नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन होगा। इससे पहले आयुष 13 अक्टूबर से मदुरै में होने वाले राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर (नेशनल कैंप) में हिस्सा लेंगे। यहां उन्हें देशभर से चयनित खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षण लेने का अवसर मिलेगा। आयुष पूर्व नेशनल क्रिकेटर निखिल राय की देखरेख में क्रिकेट की बारीकियां सीख रहे हैं।
आयुष ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता और कोच को दिया है। वह अपने पिता विभू प्रियदर्शी और माता अनिता कुमारी को अपना आदर्श मानते हैं। जुस्को स्कूल साउथ पार्क की प्रिंसिपल मिली सिन्हा ने आयुष को चयन पर बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उनके चयन से स्कूल में भी खुशी का माहौल है।


