मो. राजा पर 4-5 राउंड फायरिंग, दो घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार; पिस्तौल, गोली और स्कूटी बरामद

जमशेदपुर : सीतारामडेरा के ओल्ड बाराद्वारी फुलबस्ती में गुरुवार रात हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने वारदात के करीब दो घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में साकची मस्जिद के पीछे रहने वाला उसमायलु और काशीडीह निवासी कोदू शामिल हैं। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर फायरिंग में इस्तेमाल पिस्तौल, जिंदा गोली और स्कूटी बरामद की है। घटनास्थल से तीन खोखे भी मिले हैं। मामले में गोलमुरी टुइलाडूंगरी निवासी दशरथ शुक्ला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।


पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे आपसी रंजिश है। गुरुवार देर शाम बाराद्वारी देवनगर में ओल्ड बाराद्वारी निवासी मो. राजा और उसमायलु के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आसपास के लोग जुट गए और इसी दौरान स्थानीय लोगों ने मो. राजा की पिटाई कर दी। इसके बाद मो. राजा ने अपने सहयोगियों को फोन कर बुलाया और किसी तरह भीड़ से निकलकर घर पहुंचा। वह घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था, तभी सफेद रंग की स्कूटी से उसमायलु और कोदू वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने मो. राजा को निशाना बनाकर 4-5 राउंड फायरिंग कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और करीब दो घंटे के भीतर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग की सूचना पर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब और सिटी एसपी ललित मीना भी सीतारामडेरा थाना पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने देर रात तक पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रात्रि अपराध पर नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


