अभिनेता मुश्ताक खान का 56 साल की उम्र में निधन, पांच साल पहले हुआ था कैंसर

मुंबई : बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता मुश्ताक खान का 56 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके पीआर टीम और बिजनेस पार्टनर शिवम ने निधन की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, वे पिछले करीब 15 दिनों से मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती थे। हालत बिगड़ने पर उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया था, जहां गुरुवार शाम करीब 7 बजे उनका निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार, 25 सितंबर को मुंबई में किया जाएगा।


मुश्ताक खान पिछले कुछ वर्षों से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। करीब पांच साल पहले उन्हें कैंसर होने का पता चला था। उचित इलाज के बाद वे पूरी तरह ठीक हो गए थे, लेकिन हाल ही में बीमारी दोबारा लौट आई थी। इसके बाद उनकी सेहत तेजी से गिरने लगी और तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें नानावती अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन से परिवार, करीबियों और प्रशंसकों के बीच शोक है।
मुश्ताक खान ने अपने लंबे फिल्मी सफर में कई यादगार भूमिकाएं निभाईं। साल 2001 में आई सुपरहिट फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ में उनका ‘गुल खान’ का किरदार चर्चित रहा और ‘गदर 2’ में भी वे इसी भूमिका में नजर आए। उन्होंने धारावाहिक ‘भागिनी घर पर हैं’ में भी अभिनय किया। इसके अलावा ‘हम हैं राही प्यार के’, ‘राजा’, ‘जोड़ी नंबर 1’, ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘वेलकम’, ‘वांटेड’, ‘ओह माय गॉड!’, ‘स्त्री’ और ‘स्त्री 2’ समेत कई फिल्मों में सहायक भूमिकाएं निभाईं। हाल के दिनों में वे ‘जाट’, ‘धूम धाम’, ‘वनवास’, ‘बेबी जॉन’, ‘उदयपुर फाइल्स’ और ‘अन्वेषण’ जैसी फिल्मों में भी दिखाई दिए।


