तीन नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, दो इंसास और एक एके-47 समेत 154 राउंड कारतूस सौंपे

बांकुड़ा : पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में तीन नक्सलियों के आत्मसमर्पण की विधिवत घोषणा की गयी। बांकुड़ा पुलिस लाइंस स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में पश्चिम बंगाल पुलिस के अपर पुलिस महानिदेशक आनंद कुमार के सामने तीनों को पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, जाबा महतो, नयनतारा साहू उर्फ मीता और रामप्रसाद मार्डी उर्फ सचिन ने सात सितंबर को ही आत्मसमर्पण कर दिया था, जिसकी घोषणा 16 दिन बाद की गयी। नयनतारा उर्फ मीता, रामप्रसाद मार्डी उर्फ सचिन की पत्नी है, जबकि जोबा महतो को सरायकेला में गिरफ्तार माओवादी मंगल की पत्नी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, जाबा महतो और नयनतारा साहू माओवादी संगठन की जोनल कमेटी की सदस्य थीं, जबकि रामप्रसाद मार्डी उर्फ सचिन बंगाल-झारखंड-ओडिशा रीजनल कमेटी का कमांडर रहा है।

पुलिस के अनुसार, तीनों करीब 2006 के आसपास माओवादी संगठन में शामिल हुए थे और पिछले दो दशक में उनके खिलाफ पश्चिम बंगाल समेत पड़ोसी राज्यों में 80 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें देशद्रोह और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं। आत्मसमर्पण के दौरान तीनों ने पुलिस को दो इंसास और एक एके-47 समेत 10 मैगजीन और 154 राउंड कारतूस सौंपे। पुलिस का कहना है कि ये हथियार अलग-अलग घटनाओं में माओवादियों ने छीने थे। तीनों ने हथियारबंद संघर्ष छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लेने की बात कही। एडीजी आनंद कुमार के अनुसार, तीनों के मामलों को पुलिस स्क्रीनिंग कमेटी के सामने रखा जाएगा और इसके बाद सरकार की आत्मसमर्पण नीति के तहत मिलने वाले पैकेज की प्रक्रिया शुरू होगी।
इसी बीच दो लाख की इनामी महिला नक्सली मालती मुर्मू और माओवादी मंगल महतो की निशानदेही पर बुधवार को चाकुलिया और एमजीएम थाना क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाकों में संयुक्त सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस के अनुसार, अभियान में एक एके-47 राइफल, एक इंसास, 232 गोलियां, पांच मैगजीन और एक सीलिंग बरामद हुई। कुड़लुंग पहाड़ से एक इंसास राइफल, 85 चक्र गोलियां, तीन मैगजीन और एक सीलिंग तथा जोभी जंगल से एक एके-47 राइफल, 147 चक्र गोलियां और दो मैगजीन मिलीं। सूत्रों के अनुसार, बरामद एके-47 को चार मार्च 2007 को तत्कालीन सांसद सुनील महतो की हत्या के बाद नक्सलियों ने पुलिस से लूटा था। हालांकि, हथियारों की पहचान और पुराने मामलों में उनके इस्तेमाल की पुलिस जांच कर रही है।


