मधेपुरा के स्कूल विवाद का वीडियो जमुई-समस्तीपुर की घटनाओं से जोड़कर वायरल, पुलिस ने भेजे नोटिस

मधेपुरा : उदाकिशुनगंज अनुमंडल क्षेत्र के उदा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के बाहर छात्र-छात्राओं के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। पुलिस के अनुसार, वीडियो को जमुई और समस्तीपुर में नाबालिग लड़कियों से जुड़ी घटनाओं से जोड़कर भ्रामक कैप्शन और डिस्क्रिप्शन के साथ प्रसारित किया गया। एसपी संदीप सिंह ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर मामले की तहकीकात की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के बाहर छात्राओं के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ की घटना नहीं हुई। भ्रामक सूचना प्रसारित करने के मामले में कुछ लोगों को नोटिस भेजा गया है।


पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो 22 सितंबर का है। विद्यालय में अर्द्धवार्षिक परीक्षा की प्रथम पाली समाप्त होने के बाद छात्र-छात्राएं घर लौट रहे थे। उदाकिशुनगंज एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने बताया कि स्कूल के बाहर एक युवक मोटरसाइकिल लगाकर खड़ा था। कुछ छात्रों को उसके किसी छात्रा से मिलने आने का संदेह हुआ और नाबालिग छात्रों ने उससे पूछताछ शुरू कर दी। इसके बाद अन्य छात्र-छात्राएं भी वहां पहुंच गए और आपस में बहस होने लगी। सूचना मिलने पर विद्यालय के शिक्षक मौके पर पहुंचे और सभी को समझाकर वहां से हटा दिया। पुलिस के अनुसार, वीडियो में दिख रहे सभी छात्र-छात्राएं नाबालिग हैं और उनकी पहचान कर उनके परिजनों को नोटिस दिया गया है।
एसपी संदीप सिंह के अनुसार, नाबालिग बच्चों के बीच बाइक की चाबी निकालने और धक्का-मुक्की की घटना हुई थी, लेकिन छात्राओं के साथ छेड़छाड़ नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ सोशल मीडिया हैंडल ने लाइक और व्यूज के लिए वीडियो को जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं से जोड़कर भ्रामक तरीके से प्रसारित किया। नाबालिग बच्चों को जेजे एक्ट के तहत नोटिस भेजा गया है। पुलिस वीडियो को गलत तरीके से प्रसारित करने वाले अन्य लोगों की पहचान कर रही है और उनके खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई करने की बात कही है।


