छठ में परिवार के साथ घाट गया क्लर्क, घर से 15 लाख के जेवरात चोरी

जमशेदपुर : छठ महापर्व के दौरान परिवार के साथ संध्या अर्घ्य देने नदी घाट जाना डीसी ऑफिस में कार्यरत एक क्लर्क को भारी पड़ गया। साकची थाना क्षेत्र के जेल चौक के पास स्थित बबलू कुमार के क्वार्टर को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपये के सोने के आभूषण और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया। घटना के समय पूरा परिवार छठ घाट गया हुआ था।


बताया जा रहा है कि रविवार शाम बबलू कुमार अपने परिवार के सदस्यों के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने नदी घाट गए थे। इसी दौरान चोर क्वार्टर में घुसे और अलमारी समेत घर के सामान को खंगालने के बाद कीमती जेवरात और मोबाइल लेकर फरार हो गए। अर्घ्य देकर परिवार लौटा तो घर का सामान बिखरा मिला और सोने के आभूषण गायब थे। चोरी गए जेवरात की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में परिवारों के घर बंद रहने के बीच हुई इस घटना से इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मामले में पुलिस की जांच और चोरों की पहचान को लेकर आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।


