ट्रेन की चपेट में आने से सिविल कोर्ट के अधिवक्ता आदित्य कुमार की मौत

धनबाद : धनबाद सिविल कोर्ट के अधिवक्ता आदित्य कुमार (55 वर्ष) की रविवार को ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह हीरापुर चिरागोड़ा प्रोफेसर कॉलोनी गली नंबर तीन के निवासी थे। आदित्य कुमार जाने-माने अधिवक्ता सुबोध केसरी के भाई थे। 15 नवंबर की सुबह करीब 7.30 बजे वह रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे। सुबह करीब 10 बजे आसपास के लोगों ने उनकी पत्नी पूनम कुमारी केसरी को रेल दुर्घटना में पति की मौत होने की सूचना दी।


परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो बिनोद नगर सेंट्रल स्कूल के पास रेलवे लाइन पर उनका शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। पत्नी ने धनबाद थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस को बताया कि उन्हें विश्वास है कि उनके पति की मौत ट्रेन से कटने के कारण हुई है और इस घटना में किसी का कोई दोष नहीं है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर यूडी केस दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिवक्ता के आकस्मिक निधन की खबर से प्रोफेसर कॉलोनी स्थित उनके आवास पर रिश्तेदारों, अधिवक्ताओं और परिचितों की भीड़ जुट गई। परिवार में एक पुत्र सहित अन्य सदस्य हैं।


