छठ के बाद ट्रेनों में उमड़ी भीड़, तत्काल टिकट के लिए यात्रियों में मारामारी

धनबाद : छठ महापर्व समाप्त होने के बाद काम पर लौटने वाले यात्रियों की ट्रेनों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। धनबाद होकर दिल्ली, मुंबई, महाराष्ट्र, पंजाब, गुजरात, राजस्थान और दक्षिण भारत जाने वाली ज्यादातर लंबी दूरी की ट्रेनों में अगले कई दिनों तक सीटें उपलब्ध नहीं हैं। प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है, जबकि राजधानी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों में नो-रूम की स्थिति है। कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के कारण यात्रियों को तत्काल टिकट पर निर्भर रहना पड़ रहा है। धनबाद आरक्षण कार्यालय में तत्काल टिकट के लिए चार काउंटर संचालित हो रहे हैं, लेकिन सोमवार को बुकिंग शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में सभी सीटें भर गईं। किसी भी काउंटर से दो से अधिक तत्काल टिकट नहीं कट पा रहे हैं। घंटों कतार में खड़े रहने के बाद भी यात्रियों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।


दिल्ली रूट पर हावड़ा-कालका नेताजी एक्सप्रेस, हावड़ा-बाड़मेर एक्सप्रेस, सियालदह राजधानी एक्सप्रेस, हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस, जलियांवाला बाग एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, सियालदह दूरंतो एक्सप्रेस, बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस में जगह नहीं है। मुंबई मेल और लोकमान्य तिलक टर्मिनस-धनबाद एक्सप्रेस में भी भारी भीड़ है। राजस्थान और गुजरात जाने वाली हावड़ा-जोधपुर, सियालदह-अजमेर, हावड़ा-बीकानेर, प्रताप, हावड़ा गरबा और कोलकाता-अहमदाबाद एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग है। पंजाब जाने वाली दुर्गियाना एक्सप्रेस और दक्षिण भारत की धनबाद-अमृत भारत, एलेप्पी, दरभंगा-चर्लपल्ली, रक्सौल-तिरुपति, रक्सौल-हैदराबाद तथा जसीडीह-वास्को-द-गामा एक्सप्रेस में भी सीटों की कमी है। अगले एक सप्ताह तक स्पेशल ट्रेनों में भी कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बेहद कम है। देवोत्थान एकादशी के बाद शादी-विवाह का लग्न शुरू होने और फिर क्रिसमस व न्यू ईयर के कारण ट्रेनों में यात्रियों का दबाव और बढ़ने की संभावना है।


