अक्षय कुमार की अगले 2 साल में आएंगी 6 फिल्में, कई हिट फ्रेंचाइजी की होगी वापसी

बॉलीवुड : बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार आने वाले दो सालों में अलग-अलग किरदारों में नजर आएंगे। साल 2027 और 2028 में उनकी 6 फिल्में रिलीज होने की तैयारी में हैं। इनमें ऐतिहासिक ड्रामा, कॉमेडी, साइंस फिक्शन और एक्शन जैसी अलग-अलग विधाओं की फिल्में शामिल हैं। अक्षय कुमार महेश मांजरेकर की फिल्म ‘वेदात मराठे वीर दौड़ले सात’ में छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाएंगे। फिल्म की कहानी 1674 के दौर पर आधारित है और इसे 2027 की शुरुआत में रिलीज करने की तैयारी है। वहीं, अनीस बज्मी के निर्देशन में बन रही ‘मौजा ही मौजा’ फरवरी 2027 में सिनेमाघरों में आ सकती है। इसमें अक्षय के साथ विद्या बालन और राशि खन्ना भी नजर आएंगी।


अक्षय की साइंस फिक्शन सर्वाइवल थ्रिलर ‘समुक’ 28 मई 2027 को रिलीज होगी। कनिष्क वर्मा के निर्देशन और विपुल अमृतलाल शाह के निर्माण में बन रही इस फिल्म में अक्षय एक सैन्य अधिकारी की भूमिका निभाएंगे, जिसका सामना खतरनाक एलियन से होगा। इसके अलावा रोहित शेट्टी की कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल 5’ में अक्षय, अजय देवगन, अरशद वारसी, तुषार कपूर, कुणाल खेमू और श्रेयस तलपड़े के साथ दिखाई देंगे। फिल्म में उनके किरदार का नाम बाला भाऊ बताया जा रहा है। ‘भागम भाग 2’ का निर्देशन प्रियदर्शन कर रहे हैं और इसे 2027 में रिलीज करने की योजना है। वहीं, ‘राउडी राठौर 2’ को 2028 में रिलीज किया जा सकता है। इस तरह अक्षय की आने वाली फिल्मों में कई पुरानी हिट फ्रेंचाइजी की वापसी भी शामिल है।


