25-26 नवंबर को झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र, SIR और खनिज कानून पर होगी चर्चा

रांची : झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र 25 और 26 नवंबर को आयोजित होगा। इसमें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 (MMDR Amendment Act) पर चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 27 अक्टूबर को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में विशेष सत्र बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो के स्तर से बैठक की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। दोनों दिन सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। यह षष्ठम झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र का विस्तारित हिस्सा होगा, जिसे 11 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया था।


सत्र के पहले दिन 25 नवंबर को SIR और दूसरे दिन 26 नवंबर को MMDR संशोधन अधिनियम पर चर्चा प्रस्तावित है। हालांकि, अंतिम क्रम आधिकारिक कार्यसूची से स्पष्ट होगा। राज्य सरकार दोनों मुद्दों पर अपना पक्ष रखने और केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने की तैयारी में है। MMDR संशोधन के तहत खनिज अधिकारों और खनिज युक्त भूमि पर कर, सेस या अन्य शुल्क लगाने के राज्यों के अधिकारों पर शर्तें निर्धारित की गई हैं। नए प्रावधानों के अनुसार, राज्य सरकारें केंद्र की ओर से तय शर्तों और प्रतिबंधों के अनुरूप ही ऐसे शुल्क लगा सकेंगी। पहले से लगाए गए शुल्कों की बकाया या अवसूली गई राशि को लेकर भी संशोधन में प्रावधान किया गया है।
झारखंड सरकार को आशंका है कि इससे राज्य के राजस्व और वित्तीय अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। राज्य का तर्क है कि खनन गतिविधियों का असर स्थानीय पर्यावरण, सामाजिक व्यवस्था और आधारभूत ढांचे पर पड़ता है। दूसरी ओर, केंद्र सरकार का कहना है कि संशोधन से खनन क्षेत्र में एक समान और स्थिर कर व्यवस्था बनेगी तथा निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
विशेष सत्र में SIR को लेकर भी चर्चा होगी। इस प्रक्रिया के तहत निर्वाचन आयोग मतदाता सूची में नाम, पते और अन्य जानकारियों का सत्यापन करता है। विपक्षी दल दस्तावेजों की मांग और पात्र मतदाताओं के नाम छूटने की आशंका पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, निर्वाचन आयोग का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाना है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि सरकार इन दोनों मुद्दों पर सदन में क्या पक्ष रखती है और क्या केंद्र सरकार को भेजने के लिए कोई प्रस्ताव पारित होता है।


