निशा भगत मामले में CBI की जांच तेज, तीन जगह छापेमारी कर आरोपियों से पूछताछ

रांची : आदिवासी नेत्री निशा भगत की कथित आत्महत्या के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच तेज कर दी है। सोमवार को केस अपने हाथ में लेने के बाद एजेंसी की तीन टीमों ने रांची में अलग-अलग स्थानों पर जांच की। एक टीम ने केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और दूसरी टीम ने नामजद आरोपी ज्योत्सना केरकेट्टा से पूछताछ की। वहीं, तीसरी टीम पिठौरिया थाना क्षेत्र के डहूटोली स्थित निशा भगत के आवास पहुंची, जहां 6 नवंबर को उनकी मौत हुई थी। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्राइम सीन री-क्रिएट किया और साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।

निशा के पिता हांदू भगत की शिकायत पर पिठौरिया थाने में प्राथमिकी संख्या 114/2026 दर्ज की गई थी। इसमें अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा पर मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया था। कुछ अज्ञात लोगों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। सीबीआई ने इसी प्राथमिकी के आधार पर मामला दर्ज किया है और आत्महत्या के लिए उकसाने तथा आपराधिक साजिश से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।
मौत से पहले निशा भगत ने फेसबुक लाइव के दौरान रोते हुए अपनी परेशानी साझा की थी। उन्होंने जमीन कारोबारियों पर प्रताड़ित करने, सोशल मीडिया पर चरित्र हनन और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने लाइव में अजय तिर्की का नाम भी लिया था। निशा ने आत्महत्या से पहले पिठौरिया थाना प्रभारी को फोन कर अपनी स्थिति की जानकारी दी थी। मामले में भाजपा, आजसू और विभिन्न आदिवासी संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की थी। विरोध के बाद राज्य सरकार ने पिठौरिया थाना प्रभारी को निलंबित कर लाइन हाजिर किया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा की थी।


