CM नाम पर सस्पेंस बरकरार, BJP विधायक भी बेखबर—मैथिली ठाकुर बोलीं ‘हम भी उत्साहित’


पटना : बिहार में नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सस्पेंस अभी भी बरकरार है। बीजेपी विधायक दल की बैठक से कुछ घंटे पहले तक पार्टी के कई विधायक भी इस बात से अनजान हैं कि आखिर मुख्यमंत्री कौन बनने वाला है। बीजेपी की विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा कि उन्हें भी उतनी ही उत्सुकता है जितनी आम लोगों को, और जो भी नया मुख्यमंत्री होगा, वह सभी को स्वीकार्य होगा।

बताया जा रहा है कि पटना में शाम 3 बजे विधायक दल की बैठक होनी है, जिसमें नए नेता का चयन किया जाएगा। इस बैठक के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक बनाया गया है, जबकि पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के भी शामिल होने की संभावना है। फिलहाल विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी हैं, लेकिन अंतिम फैसला बैठक में ही होगा।
मैथिली ठाकुर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कामकाज की तारीफ करते हुए उन्हें ‘विकास पुरुष’ बताया और कहा कि बिहार में जो बदलाव दिख रहा है, उसका बड़ा श्रेय उन्हें जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि अब सभी की नजर उस घोषणा पर टिकी है, जब नए मुख्यमंत्री के नाम से पर्दा उठेगा और राज्य की अगली दिशा तय होगी।


