बांकीपुर उपचुनाव को लेकर कड़ी तैयारी, 422 बूथों पर लाइव निगरानी और सुरक्षा का सख्त इंतजाम



पटना : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा। इससे पहले जिला प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद अब लाउडस्पीकर, सभा और रैली पर रोक लागू हो गई है। मतदाताओं की सुविधा के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया गया है। जिनके पास वोटर आईडी नहीं है, वे निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 12 अन्य पहचान पत्रों में से किसी एक के आधार पर भी मतदान कर सकेंगे।


422 मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है और सभी बूथों पर केंद्रीय पुलिस बल के जवान तैनात रहेंगे। सुरक्षा के लिए 14 कंपनियां तैनात की गई हैं, जबकि बिहार पुलिस और सैप के जवान भी ड्यूटी पर रहेंगे। मतदान के दिन प्रत्याशी केवल तीन वाहनों का उपयोग कर सकेंगे। बाहरी प्रचारकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को मतदान क्षेत्र से बाहर रहने का निर्देश दिया गया है। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,79,616 मतदाता 25 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।


