सोना देवी विश्वविद्यालय और अनुदीप फाउंडेशन के बीच हुआ समझौता, विद्यार्थियों को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण और रोजगार का अवसर



जमशेदपुर : सोना देवी विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा और कौशल विकास से जोड़ने की दिशा में अनुदीप फाउंडेशन के साथ हुए समझौते को महत्वपूर्ण पहल बताया है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री प्रभाकर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए केवल डिग्री पर्याप्त नहीं होती, बल्कि ज्ञान के साथ कौशल, अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से बदलते रोजगार बाजार के अनुरूप स्वयं को तैयार करने और प्रशिक्षण के प्रत्येक अवसर का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया।


कुलाधिपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगार के योग्य और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि अनुदीप फाउंडेशन के साथ हुआ यह समझौता युवाओं के भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में सराहनीय कदम है, जिससे विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने और समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देने का अवसर मिलेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस समझौते के तहत विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ रोजगारपरक कौशल, तकनीकी दक्षता, व्यवहारिक ज्ञान, संचार क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे शिक्षा, कौशल और रोजगार के बीच की दूरी कम होगी तथा विद्यार्थियों को बदलते रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा सकेगा। यह समझौता 4 अगस्त 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगा।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष श्रीमती मोनिका सिंह, प्रौद्योगिकी विभाग की विभागाध्यक्ष श्रीमती पूजा तिवारी, रीजनल मैनेजर श्री संजीव कुमार, सीनियर मैनेजर (प्लेसमेंट) श्री राजू मिश्रा, क्लस्टर मैनेजर भावेश कांति सहित विश्वविद्यालय और अनुदीप फाउंडेशन के अनेक पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय ने विश्वास जताया कि इस पहल से बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा और महिलाएं लाभान्वित होंगे तथा गुणवत्तापूर्ण, कौशल आधारित और रोजगारपरक शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी।


