झारखंड को जल्द मिलेगा पहला फिल्म संस्थान, युवाओं के लिए खुलेंगे नए मौके

रांची : झारखंड में फिल्म और टेलीविजन शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए राज्य का पहला फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JFDCL) और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया जाएगा।एमओयू के बाद झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) की स्थापना का रास्ता साफ होगा। जेएफडीसीएल संस्थान के संचालन और वित्तीय व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेगा, जबकि एसआरएफटीआई पाठ्यक्रम तैयार करने, शैक्षणिक ढांचा विकसित करने, फैकल्टी और तकनीकी विशेषज्ञ उपलब्ध कराने का काम करेगा। यहां युवाओं को निर्देशन, अभिनय, सिनेमैटोग्राफी, एडिटिंग सहित फिल्म निर्माण से जुड़े क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।


इस संस्थान के शुरू होने से झारखंड के युवाओं को फिल्म शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। राज्य की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत पहले से ही फिल्मकारों को आकर्षित करती रही है, ऐसे में यह पहल झारखंड के फिल्म उद्योग और स्थानीय प्रतिभाओं को नई पहचान देने में मददगार साबित हो सकती है।


