सिर्फ 100 रुपये में बिक गई पूरी फुटबॉल टीम, जानें किसने मारी बाजी



जमशेदपुर : टाटा स्टील ने अपनी फुटबॉल टीम जमशेदपुर एफसी की मालिक कंपनी जेएफएसपीएल की पूरी हिस्सेदारी गोवा के चर्चिल ब्रदर्स स्पोर्ट्स क्लब को महज 100 रुपये के सांकेतिक मूल्य पर सौंपने का फैसला किया है। शुक्रवार को टाटा स्टील की बोर्ड कमेटी की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई। सौदे के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 4,08,00,000 शेयर चर्चिल ब्रदर्स को ट्रांसफर किए जाएंगे और एआईएफएफ के नियमों के तहत यह प्रक्रिया 31 अगस्त 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है।सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि जेएफसी के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के मौजूदा अनुबंध बरकरार रहेंगे। सितंबर 2026 से चर्चिल ब्रदर्स आईएसएल लाइसेंस, 12 खिलाड़ियों और 2 कोच के अनुबंध अपने हाथ में लेगा, जिससे खिलाड़ियों का करियर बिना रुकावट आगे बढ़ सकेगा। टाटा स्टील के कॉरपोरेट सर्विसेज वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदर रामम ने कहा कि चार दशक पुराना और दो बार आई-लीग जीत चुका चर्चिल ब्रदर्स भारतीय फुटबॉल का ऐतिहासिक क्लब है, जो खिलाड़ियों का भविष्य सुरक्षित रखने में मदद करेगा।कंपनी का कहना है कि वह भारतीय फुटबॉल से पूरी तरह अलग नहीं हो रही, बल्कि अब ग्रासरूट और युवा खिलाड़ियों को तैयार करने पर फोकस करेगी। 1987 में शुरू हुई टाटा फुटबॉल एकेडमी अब तक 300 से ज्यादा कैडेट्स को ट्रेनिंग दे चुकी है, जिनमें से करीब 150 खिलाड़ी भारतीय राष्ट्रीय टीम के लिए खेल चुके हैं। बता दें कि वित्त वर्ष 2025-26 में जेएफएसपीएल का कारोबार 32.23 करोड़ रुपये रहा था, जबकि 31 मार्च 2026 तक कंपनी की नेटवर्थ माइनस 5.8 करोड़ रुपये दर्ज हुई थी।




