आदिवासी युवा ने यूपीएससी में मारी बाजी, छोड़ी थी लाखों की नौकरी

पोटका : पूर्वी सिंहभूम के पोटका प्रखंड स्थित सुदूर बोड़ामपुट गांव के 25 वर्षीय आदिवासी युवा सिंगराई हांसदा ने यूपीएससी सीएपीएफ असिस्टेंट कमांडेंट्स परीक्षा-2025 में ऑल इंडिया 258वीं रैंक हासिल कर पूरे जिले का मान बढ़ाया है। 7 अगस्त को घोषित नतीजों में देशभर से कुल 350 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जिसमें झारखंड से सिर्फ चार अभ्यर्थी शामिल थे और पूर्वी सिंहभूम से अकेले सिंगराई ने यह मुकाम पाया। लिखित परीक्षा 3 अगस्त 2025 को हुई थी, जिसके बाद 21 मई 2026 को दिल्ली स्थित यूपीएससी भवन में उनका साक्षात्कार लिया गया।सिंगराई की सफलता की कहानी जज्बे से भरी है। बोकारो स्टील सिटी से 12वीं करने के बाद उन्होंने एनआईटी जालंधर से बीटेक की डिग्री ली और एक नामी प्राइवेट कंसल्टेंसी कंपनी में अच्छी नौकरी हासिल कर ली। लेकिन देश सेवा और प्रशासनिक अधिकारी बनने का सपना दिल में हमेशा जिंदा रहा। महज पांच महीने नौकरी करने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया और पूरी लगन से यूपीएससी की तैयारी में जुट गए।अपने पिता को इस सफलता का श्रेय देते हुए सिंगराई ने बताया कि उन्हीं की प्रेरणा से वे इस राह पर आगे बढ़े। युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन बेहद जरूरी है, जिससे मन की हर शंका खुद-ब-खुद दूर हो जाती है।



