बीमारी से परेशान टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारी ने की आत्महत्या, जेब से मिला सुसाइड नोट



जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के एससीसी फ्लैट निवासी और टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारी शंकर दास (69) ने बुधवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। तलाशी के दौरान पुलिस को उनकी जेब से एक हस्तलिखित सुसाइड नोट भी मिला।


जानकारी के अनुसार, शंकर दास के दो बच्चे हैं। बुधवार सुबह उनका बेटा टाटा स्टील में नाइट ड्यूटी खत्म कर घर लौटा था। बेटे से मिलने के बाद शंकर दास अपने कमरे में चले गए। सुबह 8 बजे उनकी बहू चाय लेकर कमरे में पहुंची तो उन्हें फंदे से लटकता देखा। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में शंकर दास ने लिखा है कि वे लंबे समय से अपनी बीमारी से परेशान थे और इसी वजह से यह कदम उठा रहे हैं। नोट में उन्होंने घटना के लिए स्वयं को जिम्मेदार बताते हुए लिखा कि इसमें किसी अन्य व्यक्ति का कोई दोष नहीं है। थाना प्रभारी दिलीप यादव ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।


