जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखर सबलोक हत्याकांड का फरार शूटर धनबाद में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार



जमशेदपुर : जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखर सबलोक की हत्या के मामले में फरार चल रहे कथित शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू को धनबाद में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि फरारी के दौरान सागर सिंह धनबाद के निरसा इलाके में छिपा हुआ था। धनबाद पुलिस को इसकी सूचना मिलने के बाद इलाके की घेराबंदी की गई।

पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान सागर सिंह ने भागने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच फायरिंग हुई। गोली लगने से सागर घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसके पास से पिस्तौल और गोलियां भी बरामद किए जाने की बात कही गई है। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान उसने पुलिस पर भी फायरिंग की। घायल अवस्था में उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बताया गया कि सागर सिंह धनबाद के पूर्व मेयर नीरज सिंह की हत्या के मामले में भी आरोपी रहा था। उस मामले में बाद में वह बरी हो गया था। नीरज सिंह की पत्नी पूर्णिमा नीरज सिंह झरिया से विधायक रही हैं। पुलिस के अनुसार सागर सिंह इसके बाद भी आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा रहा और जमशेदपुर के कारोबारी निखर सबलोक हत्याकांड में कथित शूटर के रूप में उसकी भूमिका सामने आई थी।
निखर सबलोक हत्याकांड में पुलिस इससे पहले अशोक सिंह राय, सुनील रजक, रितेश सिंह, राजकुमार सिंह उर्फ प्रिंस, अंकित सिंह और अभिमन्यु सिंह उर्फ रिशी सिंह समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में कोलकाता पुलिस के दो अधिकारियों की भी गिरफ्तारी की बात सामने आई है। अब सागर सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा सकती है।


