इंग्लैंड में गणेशोत्सव की धूम, भारतीय समुदाय ने दिखाई सांस्कृतिक एकता

गुमला : इंग्लैंड के प्रेस्टन में रह रहे भारतीय समुदाय ने श्रद्धा और उत्साह के साथ गणेश पूजनोत्सव मनाया। इसमें भारत के विभिन्न राज्यों से प्रेस्टन में रह रहे भारतीय मूल के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन में भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और आपसी एकता की झलक देखने को मिली। गुमला जिले के रायडीह प्रखंड निवासी भूतपूर्व सैनिक अनिरुद्ध सिंह भी गणेश पूजनोत्सव में शामिल हुए।


अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि विदेश में रहने के बावजूद भारतीयों की अपनी संस्कृति और धर्म के प्रति आस्था मजबूत है। अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों के भारतीयों की सहभागिता ने ‘अनेकता में एकता’ की भावना को साकार किया। उन्होंने कहा कि प्रेस्टन में भारतीय समुदाय को एक साथ देखकर उन्हें ‘भारत भारती’ की याद आ गई। यहां गणेशोत्सव के अलावा दीपावली, होली और दशहरा जैसे पर्व भी उत्साह से मनाए जाते हैं। उनके अनुसार, ऐसे सामूहिक आयोजनों से प्रवासी भारतीयों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक जुड़ाव मजबूत होता है और इनमें भारतीय महिलाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि उनकी बेटी बरखा रानी की पहल पर प्रेस्टन में विभिन्न भारतीय त्योहारों के आयोजन के साथ वर्ष में एक बार ‘साड़ी शो’ भी आयोजित किया जाता है। इसमें सैकड़ों महिलाएं भारतीय परिधान साड़ी को प्रदर्शित करती हैं। उनके अनुसार, इस तरह के आयोजन विदेश में भी ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और राष्ट्रीय एकात्मता की भावना को मजबूत करने का माध्यम बन रहे हैं।


