बढ़ते अपराध पर डीजीपी सख्त, बैंक लूट और गोलीबारी कांड की समीक्षा कर दिए गिरफ्तारी के निर्देश

जमशेदपुर : झारखंड पुलिस की डीजीपी तदाशा मिश्रा गुरुवार को शहर पहुंचीं और बिष्टुपुर सीएच एरिया स्थित जिले के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वाकरीब के आवास पर सरायकेला तथा पूर्वी सिंहभूम जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में अपराध और विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गयी। हाल के दिनों में शहर में बढ़ी आपराधिक घटनाओं, खासकर चर्चित केनरा बैंक लूटकांड और मरीन ड्राइव स्थित रेस्टोरेंट में हुई अंधाधुंध गोलीबारी की घटना पर उन्होंने पुलिस की अब तक की कार्रवाई, जांच की प्रगति और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चल रहे अभियानों की जानकारी ली।

डीजीपी ने आपराधिक घटनाओं में शामिल गिरोहों की पहचान कर उन्हें जल्द सलाखों के पीछे भेजने का निर्देश दिया। संगठित अपराध पर नकेल कसने के लिए खुफिया तंत्र को सक्रिय करने और गश्ती व्यवस्था को अधिक मुस्तैद बनाने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने को लेकर अधिकारियों से फीडबैक लिया तथा आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करने और अपराधियों में कानून का खौफ कायम रखने को पुलिस की प्राथमिकता बताया। बैठक में एसएसपी समेत कोल्हान प्रक्षेत्र के कई वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान डीजीपी ने आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ को देखते हुए एसएसपी तथा अन्य जिलों के एसपी को विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।


