दो सप्ताह से बंद कचरा उठाव शुक्रवार से होगा नियमित, बीडीओ ने दिया आश्वासन

जमशेदपुर : बागबेड़ा कॉलोनी में करीब दो सप्ताह से ठप घर-घर कचरा उठाव की व्यवस्था शुक्रवार से नियमित होने की उम्मीद है। इस समस्या को लेकर गुरुवार को पंचायत समिति सदस्यों और स्थानीय लोगों ने बीडीओ सुमित प्रकाश से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कॉलोनी में कचरा संग्रह वाहन का नियमित परिचालन सुनिश्चित करने की मांग की। बीडीओ ने बताया कि वाहन में तकनीकी खराबी, सुपरवाइजर के इस्तीफे, सीएनजी की कमी और कचरा शुल्क की नियमित वसूली नहीं होने के कारण सेवा बाधित हुई थी। उन्होंने कहा कि सीएनजी उपलब्ध करा दी गई है और शुक्रवार से नियमित कचरा उठाव शुरू कराने का आश्वासन दिया।


बैठक के दौरान पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, झरना मिश्रा और बन्ना गुप्ता फैंस क्लब के अध्यक्ष अनिल सिंह ने कचरा उठाव की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए स्थानीय कमेटी गठित करने की मांग रखी। साथ ही किसी स्थानीय व्यक्ति को सुपरवाइजर की जिम्मेदारी सौंपने का प्रस्ताव दिया। बीडीओ ने दोनों प्रस्तावों पर सहमति जताई।
इसके अलावा कॉलोनी में जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया, ताकि लोग नियमित रूप से कचरा शुल्क जमा करें और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। बैठक में प्रतिनिधि श्रवण मिश्रा, समाजसेवी सोनू पंडित, सीनू राव, सुनील सिन्हा, नेहा श्रीवास्तव, आकाश मिश्रा, कचरा वाहन के चालक और महिला कर्मचारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


