जमीन सौदे में करीब सात करोड़ की ठगी का आरोप, शराब माफिया समेत चार की गिरफ्तारी की तैयारी

मुजफ्फरपुर : जमीन की खरीद-बिक्री में करीब सात करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में पुलिस ने शराब माफिया विजय पटेल उर्फ विजय कुमार सिंह समेत चार नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की तैयारी तेज कर दी है। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने एसडीपीओ नगर-एक सुरेश कुमार की सुपरविजन रिपोर्ट के आधार पर रिपोर्ट-2 जारी कर जांच अधिकारी को गिरफ्तारी का निर्देश दिया है। मामला मुशहरी अंचल के मझौली धर्मदास इलाके की 34 कट्ठा जमीन से जुड़ा है। अतरदह रतवारा निवासी राकेश कुमार ने विगत 10 जुलाई को काजीमोहम्मदपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 34 कट्ठा जमीन बेचने के नाम पर 12.5 करोड़ रुपये लिए गए, लेकिन खरीदार के नाम महज 9 कट्ठा जमीन की रजिस्ट्री की गई। इस तरह करीब सात करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया है।


इस मामले में विजय पटेल के अलावा उसके साला बोचहां थाना क्षेत्र के चौपार निवासी घनश्याम पटेल, मुखिया बेबी पटेल और विजय पटेल की पत्नी अर्चना सिन्हा को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस के अनुसार, चारों पर आपसी साजिश के तहत जमीन के सौदे में हेराफेरी करने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि खरीदार को पहले पूरी जमीन दिखाई गई, लेकिन रजिस्ट्री के समय कम जमीन उसके नाम की गई। प्राथमिकी के मुताबिक, विजय पटेल के खिलाफ बिहार और झारखंड में शराब से जुड़े दर्जनभर मामले दर्ज हैं। उस पर बिहार में नकली शराब बनाने और बेचने का बड़ा नेटवर्क संचालित करने का भी आरोप है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
जमीन की खरीद-बिक्री में धोखाधड़ी और अवैध कब्जे के मामलों को लेकर जिला पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस जमीन विवाद से जुड़ी हत्याओं को रोकने के उद्देश्य से जमीन माफियाओं की सूची तैयार कर कार्रवाई कर रही है। विशेष रूप से शराब के अवैध कारोबार से अर्जित धन को जमीन में निवेश करने और उसकी आड़ में कथित ठगी तथा कब्जे की गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रखी जा रही है।


