बॉक्स ऑफिस पर ‘जेलर 2’ का दबदबा, 5 दिनों में 236 करोड़ पार, ‘राणाबाली’ और ‘प्रहार’ पिछड़ीं

मुंबई : सिनेमाघरों में रिलीज हुई चार बड़ी फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला जारी है। रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ कमाई के मामले में सबसे आगे चल रही है, जबकि विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की ‘राणाबाली’, यामी गौतम की ‘नई नवेली’ और राजकुमार राव की ‘प्रहार’ अपेक्षाकृत धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रही हैं। 15 अक्टूबर को रिलीज हुई ‘जेलर 2’ ने पहले दिन 59 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। सोमवार, 19 अक्टूबर को रात 9 बजे तक फिल्म ने 36.86 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही 5 दिनों में इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 236 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया।


विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘राणाबाली’ 16 अक्टूबर को रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन 9.25 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि सोमवार रात 9 बजे तक इसका कलेक्शन 4.21 करोड़ रुपये रहा। 4 दिनों में फिल्म ने 28 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है। रिपोर्ट के अनुसार, इसे 130 करोड़ रुपये के बजट के अंदर बनाया गया है। वहीं, यामी गौतम की हॉरर ड्रामा कॉमेडी फिल्म ‘नई नवेली’ भी 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आई थी। इसने पहले दिन 3.25 करोड़ रुपये कमाए। सोमवार रात 9 बजे तक इसकी कमाई 1.84 रुपये बताई गई है। फिल्म का 4 दिनों का कुल कलेक्शन 13 करोड़ रुपये से ज्यादा रहा।
दूसरी ओर, राजकुमार राव की फिल्म ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ़ उज्जवल निकम’ भी बॉक्स ऑफिस पर सीमित कमाई कर रही है। यह फिल्म मुंबई के ताज होटल पर हुए 26/11 आतंकी हमले और सरकारी वकील उज्जवल निकम की भूमिका पर आधारित बायोपिक है। इसमें आतंकी अजमल कसाब को फांसी तक पहुंचाने की कानूनी प्रक्रिया को उज्जवल निकम के नजरिए से दिखाया गया है। फिल्म ने पहले दिन 2.35 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि चौथे दिन सोमवार रात 9 बजे तक इसका कलेक्शन 1.59 करोड़ रुपये रहा। फिल्म की कुल कमाई 10 करोड़ रुपये से कुछ ज्यादा हो चुकी है।


