महुआडांड़ में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, धवई टोली में छापेमारी



महुआडांड़ : महुआडांड़ प्रखंड को नशामुक्त बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए महुआडांड़ पुलिस ने मंगलवार को अवैध शराब कारोबारियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धवई टोली में छापेमारी कर अवैध शराब बेचने वालों पर शिकंजा कसा जानकारी के अनुसार, पुलिस ने पहले ही इलाके में अवैध शराब की बिक्री पर पूरी तरह मनाही का आदेश जारी किया था इसके बावजूद कुछ लोग चोरी-छिपे शराब बेच रहे थे। गुप्त सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार दल-बल के साथ धवई टोली पहुंचे और संदिग्ध ठिकानों पर अचानक दबिश दी।

पुलिस की सख्ती से हड़कंप
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई घरों और दुकानों की तलाशी ली। मौके से भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए गए। पुलिस को देखते ही कई कारोबारी सामान छोड़कर भाग निकले, जिनकी पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी ने साफ कहा कि पुलिस की मनाही के बावजूद अवैध धंधा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
लगातार चलेगा अभियान
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि सोमवार को हुई बैठक में ही तय किया गया था कि प्रखंड को नशामुक्त बनाने के लिए अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। उसी कड़ी में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अगर कहीं भी अवैध शराब बनाई या बेची जा रही है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस कदम की सराहना की है। लोगों का कहना है कि नशे के कारण युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही थी। पुलिस की सख्ती से अब इस पर लगाम लगेगी। थाना प्रभारी ने चेतावनी दी कि आगे भी यह अभियान रुकने वाला नहीं है। महुआडांड़ और आसपास के सभी टोला-गांव में औचक छापेमारी जारी रहेगी। अवैध शराब के धंधे में शामिल हर व्यक्ति पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


