रेनकोट पहन मंदिर में घुसा चोर, चांदी का छत्र और सोने के गहने उड़ाए… CCTV में कैद


ग्रेटर नोएडा : दादरी क्षेत्र के बिसहड़ा रोड स्थित एक दुर्गा मंदिर में देर रात चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक शातिर चोर रेनकोट पहनकर मंदिर में घुसा और माता की मूर्ति पर चढ़ा करीब 3 किलो से ज्यादा वजन का चांदी का छत्र और सोने के आभूषण चोरी कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि चोर ने पहले मंदिर की रेकी की और फिर सुनसान समय का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।

यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में आरोपी आराम से अंदर जाता है, मूर्ति के पास पहुंचकर छत्र और जेवर उतारता है और बैग में रखकर निकल जाता है। सुबह जब पुजारी पूजा के लिए पहुंचे तो चोरी का पता चला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और उसे पकड़ने के लिए टीमों का गठन किया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है और उन्होंने मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग उठाई है।


