1 अप्रैल से ATM नियमों में बड़ा बदलाव, मुफ्त ट्रांजैक्शन लिमिट और चार्ज में बदलाव


नई दिल्ली : नए वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ 1 अप्रैल से देशभर में ATM इस्तेमाल से जुड़े कई नियम बदलने जा रहे हैं। बड़े बैंकों और पेमेंट बैंकों द्वारा किए गए इन बदलावों का असर पैसे निकालने की सीमा, ट्रांजैक्शन चार्ज और कैश निकालने के तरीकों पर पड़ेगा। HDFC बैंक ने स्पष्ट किया है कि अब ATM से UPI के जरिए कैश निकालने वाले ट्रांजैक्शन भी हर महीने मिलने वाली मुफ्त ट्रांजैक्शन सीमा में शामिल होंगे, जबकि पहले इन्हें अलग श्रेणी में रखा जाता था।

यदि ग्राहक तय सीमा से ज्यादा ट्रांजैक्शन करते हैं, तो हर अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर 23 रुपये (टैक्स अलग) का शुल्क देना होगा। वर्तमान में HDFC बैंक अपने ग्राहकों को हर महीने 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन की सुविधा देता है, जबकि अन्य बैंकों के ATM से मेट्रो शहरों में 3 और नॉन-मेट्रो क्षेत्रों में 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन की अनुमति होती है। वहीं, पंजाब नेशनल बैंक ने कुछ डेबिट कार्ड्स के लिए दैनिक कैश निकासी सीमा में बदलाव करते हुए इसे 50,000 से 75,000 रुपये के बीच निर्धारित किया है, जबकि कुछ कार्ड्स की सीमा 1 लाख रुपये से घटा दी गई है।
इसके अलावा, Jio Payments Bank ने QR कोड आधारित कैश निकासी की नई सुविधा शुरू की है, जिसमें ग्राहक UPI QR कोड स्कैन कर ट्रांजैक्शन को मंजूरी देकर बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट से पैसे निकाल सकते हैं। इन बदलावों के बीच ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे अपने बैंक की तय सीमाओं की जांच करें और अतिरिक्त शुल्क से बचने के लिए अपने लेनदेन पर नजर रखें।


