डीसी आर एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में कारा सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न


Saraikela (संजीव मेहता) :समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह डीसी नितिश कुमार सिंह एवं एसपी निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में कारा सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में कारा सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की मूलभूत सुविधाएं, स्वास्थ्य सेवाएं, सीसीटीवी, जैमर, सायरन सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. डीसी ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि बंदियों को मेनू के अनुरूप स्वच्छ एवं संतुलित भोजन, शुद्ध पेयजल तथा आवश्यक सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएं. साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर, दवा वितरण एवं आवश्यकता अनुसार उपचार सुनिश्चित किया जाए. बैठक में जेल परिसर एवं आसपास साफ-सफाई, पेड़ों की टहनियों की छंटाई तथा नाली ड्रेनेज हेतु सीवरेज ट्रीटमेंट प्लान तैयार कर विभाग को भेजने का निर्देश दिया गया. सुरक्षा मानकों के अनुरूप नियमित निगरानी रखने, कारा परिसर में नियमित औचक निरीक्षण करने तथा प्रवेश द्वार पर सघन जांच सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया. डीसी ने कारा परिसर में विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता, बैरकों की नियमित जांच एवं रात्रि गश्ती व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए. साथ ही बंदियों के पुनर्वास एवं कौशल विकास से संबंधित गतिविधियों को भी नियमित रूप से संचालित करने को कहा. एसपी निधि द्विवेदी ने महिला बंदियों एवं बच्चों की सुरक्षा हेतु आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, बच्चों के लिए खिलौने एवं शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने तथा प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए. उन्होंने कारा सुरक्षा में प्रतिनियुक्त पुलिस बल को सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिए. बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, उप समाहर्ता (सामान्य शाखा), जेल अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.



