दिवाली पर रांची का हवाई सफर महंगा, टिकटों के दाम तीन गुना तक बढ़े

रांची : दिवाली पर घर लौटने की योजना बना रहे यात्रियों को इस बार हवाई सफर के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं. एयरलाइंस कंपनियों ने विभिन्न शहरों से रांची आने वाली उड़ानों के किराये में भारी बढ़ोतरी की है. सामान्य दिनों की तुलना में टिकटों के दाम ढाई से तीन गुना तक पहुंच गये हैं. इस वर्ष दिवाली आठ नवंबर को है. छह नवंबर को भुवनेश्वर से रांची का सामान्य किराया 4,533 रुपये के मुकाबले बढ़कर 25,665 रुपये हो गया है. सात नवंबर को इसी रूट का किराया 15,296 रुपये है. इससे त्योहार के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों पर आर्थिक बोझ बढ़ने की संभावना है.


अन्य प्रमुख शहरों से रांची आने वाली उड़ानों के किराये में भी बढ़ोतरी दर्ज की गयी है. दिल्ली से सामान्य किराया 7,314 रुपये है, जो छह नवंबर को 15,349 रुपये और सात नवंबर को 16,219 रुपये हो गया है. मुंबई से सामान्य किराया 8,484 रुपये के मुकाबले इन दोनों तारीखों पर क्रमशः 22,730 रुपये और 19,597 रुपये है. बेंगलुरु से सामान्य किराया 8,689 रुपये है, जबकि छह और सात नवंबर को टिकट क्रमशः 16,895 रुपये और 17,947 रुपये में मिल रहे हैं. चेन्नई से सामान्य किराया 8,648 रुपये है, जो छह नवंबर को 18,061 रुपये और सात नवंबर को 15,263 रुपये है. कोलकाता से सामान्य किराया 4,320 रुपये के मुकाबले छह नवंबर को 6,105 रुपये और सात नवंबर को 9,150 रुपये हो गया है.
हैदराबाद से रांची का सामान्य किराया 6,619 रुपये है, जो छह नवंबर को 18,052 रुपये और सात नवंबर को 19,342 रुपये तक पहुंच गया है. अहमदाबाद से सामान्य किराया 7,822 रुपये है, जबकि छह और सात नवंबर को किराया 21,734 रुपये है. वहीं, पटना से रांची का सामान्य किराया 3,897 रुपये के मुकाबले छह नवंबर को 6,207 रुपये और सात नवंबर को 5,367 रुपये है. विमानन क्षेत्र के जानकारों के अनुसार, त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने और सीटों की उपलब्धता घटने से एयरलाइंस डायनेमिक प्राइसिंग के तहत किराया बढ़ाती हैं. रांची के लिए सीमित डायरेक्ट फ्लाइट्स भी किराये में बढ़ोतरी की एक वजह बतायी जा रही है.


