दारोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा रद्द, 27 मई को दो पालियों में हुई थी परीक्षा

पटना : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने विज्ञापन संख्या 05/2025 के तहत 27 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित दारोगा भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा अपरिहार्य कारणों से रद्द कर दी है। आयोग ने आधिकारिक सूचना जारी कर कहा है कि नई परीक्षा तिथि की जानकारी अलग से दी जाएगी। अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट देखने और भ्रामक सूचनाओं से बचने की सलाह दी गई है।


23 सितंबर, 2025 को 1799 दारोगा पदों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी हुआ था। प्रारंभिक परीक्षा में 35857 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए पास हुए। मुख्य परीक्षा का रिजल्ट 19 जून को जारी हुआ था। अभ्यर्थियों ने परिणाम और परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए आंदोलन किया था। इसके बाद आयोग ने पहले शारीरिक जांच परीक्षा और अब मुख्य परीक्षा रद्द कर दी है।
मामले की जांच कर रही ईओयू को परीक्षा केंद्रों पर 20 से भी ज्यादा बार पावर कट होने की जानकारी मिली थी। गया और पूर्णिया के पावर कॉरपोरेशन की रिपोर्ट में परीक्षा के दौरान शहरों में बिजली आपूर्ति सामान्य होने की बात सामने आई। आशंका है कि कुछ केंद्रों पर जैमर बंद कर प्रश्न-पत्र की तस्वीरें बाहर भेजी गईं और उत्तर मंगवाए गए। ईओयू सीसीटीवी फुटेज, जैमर लॉग और बिजली आपूर्ति रिकॉर्ड के साथ परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा जांच से जुड़े कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।


