पितृपक्ष मेला 2026 में श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम, 24 घंटे सुरक्षा और मेडिकल टीम तैनात

BIHAR: पितृपक्ष मेला 2026 में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्था की है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और घाट समेत प्रमुख स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने अनुमंडल पदाधिकारी मसौढ़ी समेत संबंधित अधिकारियों को मेला अवधि में व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया है। स्नान घाटों पर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं से निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही स्नान करने की अपील की गई है।


बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए राय सूरजमल झुंझुनवाला धर्मशाला और एसएमडी कॉलेज, पुनपुन में व्यवस्था की गई है। एसएमडी कॉलेज परिसर में पार्किंग और आवागमन के लिए ई-रिक्शा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मेला परिसर में पुलिस शिविर और सीसीटीवी के जरिए 24 घंटे निगरानी की जा रही है। आपदा प्रबंधन और क्यूआरटी की टीमें भी तैनात हैं।
स्वास्थ्य जरूरतों के लिए मेडिकल टीम 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। मेला क्षेत्र में पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, निर्बाध बिजली और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख स्थानों पर हेल्प डेस्क और सहायता शिविर के साथ बुजुर्ग श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए स्वयंसेवक और व्हीलचेयर की व्यवस्था भी की गई है।


