नाबालिग छात्र-छात्रा से दरिंदगी मामले में 8 पर कार्रवाई, तीन किशोर कानूनी हिरासत में

जमुई : मड़वा पहाड़ी के पीछे स्थित प्रतापपुर गांव में 19 सितंबर की शाम नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ हुई घटना के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव, हरेराम यादव और वीडियो बनाने वाले रामाशीष चौधरी समेत कुल आठ लोगों पर कार्रवाई की है। ग्रामीणों के अनुसार, छात्र-छात्रा फोटो खिंचवा रहे थे, तभी तीन किशोरों ने उन्हें घेरकर परेशान किया। दोनों के वहां से निकलने की कोशिश के दौरान गांव के एक अन्य लड़के ने फोन कर नंदन यादव और हरेराम यादव को बुलाया। आरोप है कि दोनों ने मौके पर पहुंचकर छात्र-छात्रा का रास्ता रोका और उनके साथ छेड़खानी की।

पुलिस ने मामले में दो अलग-अलग प्राथमिकी (FIR) दर्ज की हैं। पहली प्राथमिकी में सात अज्ञात आरोपियों में से पांच को गिरफ्तार किया जा चुका है और बाकी दो की पहचान की जा रही है। शुरुआत में छात्र-छात्रा को घेरने वाले तीन नाबालिगों को विधि निरुद्ध किया गया है। घटना का वीडियो बनाने के आरोप में रामाशीष चौधरी और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में तीन अन्य युवकों को भी गिरफ्तार किया गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, नंदन यादव ट्रक में खलासी का काम करता है, जबकि हरेराम यादव अवैध बालू कारोबार से जुड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने दोनों पर पहले भी छेड़खानी की घटनाओं में शामिल होने का आरोप लगाया है। वहीं, जांच के दौरान नंदन के पिता के पिछले 20 सालों से एक आपराधिक मामले में फरार होने की जानकारी सामने आई है और पुलिस अब उसकी तलाश को लेकर भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।


