एसएसपी खुद बाइक से निकले शहर की सड़कों पर, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

जमशेदपुर : शहर में हाल के दिनों में डकैती और गोलीबारी की घटनाओं के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब खुद बाइक से शहर की सड़कों पर निकले। उन्होंने अलग-अलग इलाकों और चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनके इलाके की स्थिति और किसी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने हाल के दिनों में रात्रि गश्त और निगरानी भी बढ़ाई है।

एसएसपी ने कहा कि आपराधिक घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी, नियमित निगरानी और गश्त बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। शहर के चौक-चौराहों और सार्वजनिक जगहों पर देर रात बिना किसी काम के अड्डेबाजी करने वालों पर भी नजर रखने को कहा गया है। ऐसे लोगों के खिलाफ नियम के अनुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में 26 सितंबर की देर रात भी विशेष गश्ती अभियान चलाया गया था। इसमें मुख्य सड़कों के साथ गलियों और मोहल्लों में भी निगरानी की गई। सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने भी हाल में व्यापारिक और संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने का सुझाव दिया था।


