बिंदल मॉल फायरिंग में चार घायल, कुंदन सिंह ने वीडियो जारी कर पुलिस के दावे को बताया गलत

जमशेदपुर : मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल में शनिवार को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में डॉमिनिक सैमसन, दिलशाद, रिजवान और कृष्णा चौधरी घायल हुए हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी का इलाज टीएमएच में चल रहा है। घटना के बाद पुलिस जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है।


जांच के दौरान मानगो निवासी कुंदन सिंह का नाम भी सामने आया है। दावा किया गया कि घटना में इस्तेमाल वाहन कुंदन सिंह चला रहा था। फुटेज में बीच में बैठे व्यक्ति की पहचान सोनारी निवासी मोहन यादव और पीछे बैठे व्यक्ति की पहचान अजीत मंडल के रूप में बताई गई है। हालांकि, कुंदन सिंह ने वीडियो जारी कर अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि वह जमशेदपुर गया ही नहीं है और वह तड़ीपार है।
कुंदन सिंह ने अपनी पहचान को लेकर किए जा रहे दावे को गलत बताया है। दूसरी ओर पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। फायरिंग के पीछे की वजह और आरोपियों की भूमिका को लेकर जांच जारी है।


