गालूडीह बराज के 6 गेट खुले, सुवर्णरेखा फ्लड लेवल तक पहुंची; निचले इलाकों में अलर्ट

गालूडीह : लगातार बारिश और ऊपरी इलाकों से पानी की आवक बढ़ने के कारण गालूडीह बराज, चांडिल डैम समेत कई जलाशयों के फाटक खोल दिए गए हैं। गालूडीह बराज के 18 में से 6 गेट खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी की जा रही है। डैम से पानी छोड़े जाने के बाद सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़कर 92.4 के फ्लड लेवल तक पहुंच गया है। इसके बाद तटीय और निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।

जलस्तर नियंत्रित रखने के लिए गालूडीह बराज और चांडिल डैम से लगातार अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। अनुमान है कि आने वाले घंटों में नदी का स्तर और बढ़ सकता है। नदी और बराज के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी किनारे नहीं जाने की सलाह दी गई है।
लगातार बारिश और सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलने से धान की खेती करने वाले किसानों ने फिर से रोपनी शुरू कर दी है। कई गांवों में खेत तैयार कर धान के बिचड़े लगाए जा रहे हैं। दूसरी ओर अधिक पानी जमा होने से सब्जी की खेती प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था करने की जरूरत बताई जा रही है।


