खरसावां में सब्जियों के दाम 50 रुपये किलो के पार, बारिश ने बिगाड़ा रसोई का बजट

खरसावां : अगस्त और सितंबर की बारिश से फसल को नुकसान और बाजार में आवक घटने के कारण हरी सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। साप्ताहिक हाट और स्थानीय बाजारों में कई सब्जियां 50 रुपये किलो या उससे ज्यादा पर बिक रही हैं। विक्रेताओं के अनुसार, पहले एक किलो लेने वाले ग्राहक अब 250 से 500 ग्राम ही खरीद रहे हैं, और कई परिवार चना दाल और सोयाबीन बड़ी से काम चला रहे हैं।

स्थानीय उत्पादन घटने से अब बाहर की मंडियों से सब्जियां मंगानी पड़ रही हैं। सब्जी विक्रेता जफर अली के मुताबिक, टमाटर की आवक काफी कम है और आगे इसके दाम और बढ़ सकते हैं।
स्थानीय बाजार में खुदरा भाव (प्रति किलो) इस प्रकार हैं: परवल 50, करेला 50, टमाटर 40, फूलगोभी 100, देहाती खेकसा 100, अदरक 150, हरी मिर्च 120, शिमला मिर्च 130, फ्रेंच बीन्स 140, धनिया पत्ता 250, प्याज 60 और आलू 20 रुपये।


