एक आदेश में 1975 नौकरियां खत्म, भारी बारिश में सचिवालय गेट पर धरने पर बैठे कर्मचारी

रांची : JSSC CGL 2023 की नियुक्ति रद्द होने के बाद मंगलवार को चयनित 1975 कर्मचारियों को प्रोजेक्ट भवन में प्रवेश करने से रोक दिया गया। एक दिन पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने JSSC CGL की नियुक्ति रद्द करने का आदेश दिया था। इसके बाद ASO, CI और LDC जैसे पदों पर कार्यरत प्रभावित कर्मचारी भारी बारिश के बीच सचिवालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें काम पर नहीं आने को लेकर कोई लिखित नोटिस नहीं दिया गया है, इसके बावजूद पुलिसकर्मी उन्हें प्रोजेक्ट भवन में प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं। JSSC CGL 2023 के तहत कुल 1975 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। कर्मचारियों ने सरकार से स्थिति पर स्पष्ट जवाब देने और नियुक्ति रद्द करने के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
प्रदर्शन के कारण सचिवालय परिसर के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रभावित कर्मचारियों का कहना है कि एक आदेश के बाद उनकी नौकरी समाप्त हो गई, इसलिए सरकार को उनके भविष्य को लेकर जल्द स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए।


