बस की टक्कर से शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा खंडित, आंदोलन की चेतावनी

जमशेदपुर : पारडीह चौक पर मंगलवार की रात एक कंपनी की अनियंत्रित बस शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रतिमा खंडित हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद आजादनगर और मानगो थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी और आक्रोश देखा गया।


घटना के बाद कंपनी के प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के बीच पुलिस की मौजूदगी में बातचीत हुई। दोनों पक्षों ने शांति बनाए रखने पर सहमति जताई, लेकिन प्रतिमा के पुनर्निर्माण को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि 25 दिसंबर को शहीद निर्मल महतो की जयंती से पहले प्रतिमा का पुनर्निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि शहीद निर्मल महतो झारखंड की अस्मिता और आंदोलन के प्रतीक हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि तय समय तक प्रतिमा का पुनर्निर्माण नहीं हुआ तो बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा।


