सिंहभूम चैम्बर ने शहर की कानून-व्यवस्था, यातायात एवं नागरिक सुरक्षा को लेकर एसएसपी को सौंपे महत्वपूर्ण सुझाव

Advertisements

जमशेदपुर। सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) ने शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, व्यापारियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था में सुधार के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर को विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव सौंपे हैं। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) मनोज कुमार ठाकुर एवं बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार भी उपस्थित थे।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

चैम्बर की ओर से सौंपे गए सुझावों में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, नो-पार्किंग क्षेत्रों में भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण, चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता, सीसीटीवी कैमरों के प्रभावी उपयोग, साइबर अपराध पर नियंत्रण तथा युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को शामिल किया गया है।

चैम्बर का मानना है कि पुलिस प्रशासन और व्यापारिक समुदाय के बीच नियमित संवाद एवं बेहतर समन्वय से शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकता है। इन सुझावों का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक सक्रिय, जवाबदेह और नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने में सहयोग करना है।

व्यापारियों एवं उद्यमियों की सुरक्षा पर विशेष जोर

चैम्बर ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों, बाजारों और औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया है। व्यापारियों एवं उद्यमियों से जुड़ी आपराधिक घटनाओं में त्वरित कार्रवाई, प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया में सुविधा तथा शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का सुझाव दिया गया है।

चैम्बर ने यह भी रेखांकित किया कि व्यापारिक क्षेत्रों में चोरी, आपराधिक गतिविधियों और अन्य सुरक्षा संबंधी समस्याओं की रोकथाम के लिए पुलिस गश्त एवं निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाना आवश्यक है।

See also  आदित्यपुर नगर निगम के तुगलकी फरमान पर भड़का जनाक्रोश: दुर्गा पूजा सफाई पर 'वसूली' का अंबुज कुमार ने किया कड़ा विरोध, बोले— 'हेमंत सरकार को बदनाम करने की गहरी साजिश'

यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा

शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए चैम्बर ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए विभिन्न सुझाव दिए हैं। इनमें नो-पार्किंग क्षेत्रों में भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण, यातायात नियमों का प्रभावी पालन तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी की आवश्यकता शामिल है।

चैम्बर ने दुर्घटना की स्थिति में शुरुआती महत्वपूर्ण समय के दौरान त्वरित सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया, ताकि घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके और जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।

सीसीटीवी निगरानी एवं आधुनिक तकनीक का उपयोग

चैम्बर ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों का बेहतर उपयोग करते हुए अपराध नियंत्रण और आपराधिक घटनाओं की जांच को अधिक प्रभावी बनाने का सुझाव दिया है। बाजारों, प्रमुख सड़कों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का समुचित उपयोग करने पर बल दिया गया है।

साइबर अपराध एवं सामाजिक सुरक्षा

वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों को ध्यान में रखते हुए चैम्बर ने आम नागरिकों, व्यापारियों एवं उद्यमियों के बीच जागरूकता बढ़ाने तथा साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता बताई।

इसके साथ ही युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर नियंत्रण, जागरूकता कार्यक्रमों तथा संबंधित क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के सुझाव भी दिए गए हैं।

पुलिस-व्यापारी समन्वय को मजबूत करने की पहल

सिंहभूम चैम्बर ने पुलिस प्रशासन एवं व्यापारिक समुदाय के बीच नियमित संवाद स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। चैम्बर के अनुसार, व्यापारियों की समस्याओं को समय पर समझने और उनका समाधान करने के लिए एक प्रभावी समन्वय व्यवस्था उपयोगी साबित हो सकती है।

See also  तीन फ्लाइओवर का टेंडर निबटा, अब तक नहीं मिला कार्यादेश; निर्माण शुरू होने में देरी

चैम्बर ने आशा व्यक्त की कि पुलिस प्रशासन इन सुझावों पर विचार करते हुए आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे जमशेदपुर में नागरिकों, व्यापारियों एवं उद्यमियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि शहर की कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस प्रशासन विभिन्न संस्थाओं के साथ नियमित समीक्षा बैठक कर समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाएगा। आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अपराध एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती, नियमित मॉनिटरिंग एवं गश्ती बढ़ाई जाएगी। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने चैम्बर के सुझावों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए दुकानदारों से अपील की कि वे दुकानों के बाहर सामान रखकर सड़क एवं फुटपाथ को संकरा न करें। साकची बाजार में फुटपाथी दुकानदारों के अतिक्रमण से होने वाली परेशानी के समाधान के लिए भी उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।

अंत में चैम्बर सदस्यों एवं व्यवसायियों ने शहर की विभिन्न समस्याओं से संबंधित सवाल एवं सुझाव रखे, जिनका वरीय पुलिस अधीक्षक ने जवाब दिया। चैम्बर ने कहा कि शहर की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग एवं संवाद की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।

कार्यक्रम में अध्यक्ष मानव केडिया, मानद महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, हर्ष बाकरेवाल, सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया, पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, विपिन अडेसरा, मनोज गोयल, चन्द्रकांत जटाकिया, मुकेश शर्मा, सतीश सिंह, संजय मिश्रा, अरूण अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल, पवन शर्मा के अलावा बड़ी संख्या में व्यवसायी उद्यमी एवं चैम्बर सदस्य उपस्थित थे।

About The Author

You may have missed