मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की समय-सीमा बढ़ी, अब 30 नवंबर को होगा अंतिम प्रकाशन

Advertisements

रांची : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की समय-सीमा बढ़ा दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग की स्वीकृति के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव के. रवि कुमार ने 8 अक्टूबर को सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्तों को संशोधित कार्यक्रम भेजकर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है। अब मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026, सोमवार को होगा। पुनरीक्षण के लिए अर्हता तिथि 1 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इसका उद्देश्य सभी पात्र भारतीय नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र व्यक्तियों को सूची से बाहर रखना है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, नो-मैपिंग और लॉजिकल विसंगतियों से संबंधित पहले और दूसरे नोटिस वाले मामलों का निपटारा 22 अक्टूबर तक किया जाएगा। BLO के घर-घर सत्यापन और दूसरे नोटिस के बावजूद दस्तावेज नहीं देने वाले मतदाताओं के सत्यापन तथा गैर-नोटिस वाली अन्य श्रेणियों के मामलों का निपटारा 31 अक्टूबर तक होगा। इसी तारीख तक फॉर्म-6, 6A, 7 और 8 से जुड़े सभी दावों और आपत्तियों का डिजिटलीकरण भी पूरा करना है। इसके बाद 1 से 12 नवंबर तक छूटे हुए पात्र नागरिकों का होम-टू-रोल सत्यापन और फॉर्म-6 का डिजिटलीकरण किया जाएगा। वहीं, 1 से 21 नवंबर तक DEO, रोल ऑब्जर्वर और CEO स्तर पर निपटाए गए मामलों की जांच और सुपर-चेकिंग होगी।
इसके अलावा 1 से 23 नवंबर तक ECINET पर नोशनल मकान नंबर, नजरी नक्शा, की-मैप, गूगल मैप और मतदान केंद्रों की तस्वीरें अपडेट की जाएंगी। सभी दावों और आपत्तियों का अंतिम निपटारा 23 नवंबर तक करना होगा। इसके बाद 24 से 29 नवंबर के बीच मतदाता सूची के स्वास्थ्य मानकों की जांच, निर्वाचन आयोग से अंतिम प्रकाशन की अनुमति और सूची की छपाई पूरी की जाएगी। संशोधित कार्यक्रम की प्रति राज्य के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, प्रमंडलीय आयुक्तों और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को भी भेजी गई है।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

About The Author

You may have missed