झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में ‘Run for Cleanliness’ कार्यक्रम आयोजित

जमशेदपुर : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में प्राचार्य डॉ. अमर सिंह के नेतृत्व में ‘Run for Cleanliness’ कार्यक्रम के साथ महाविद्यालय परिसर और इसके आस-पास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाना था।


इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अमर सिंह ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस को यादगार बनाने और विद्यार्थियों में नागरिक जिम्मेदारी की भावना जागृत करने के उद्देश्य से महाविद्यालय में स्वच्छता कार्यक्रम एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी भी है। स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम का संयोजन महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी डॉ. पास्कल बेक ने किया। अभियान में एनसीसी, एनएसएस, बी.एड., वोकेशनल, स्नातक एवं स्नातकोत्तर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने पूरे महाविद्यालय परिसर में साफ-सफाई की तथा परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान महाविद्यालय परिसर को प्लास्टिक फ्री जोन के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों ने प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, परिसर में कचरा नहीं फैलाने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता ही विकसित झारखंड के निर्माण का आधार है।
इस अवसर पर कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।


