बंद मकान में मिला एक महीने पुराना शव, सिर धड़ से अलग

Advertisements

रांची : नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार स्थित न्यू स्वर्णरेखा नगर में गुरुवार को एक बंद मकान के परिसर से करीब एक महीने पुराना शव बरामद किया गया। मृतक पुरुष है और उसकी उम्र लगभग 25 से 28 वर्ष आंकी गई है। शव का सिर धड़ से अलग था। सूचना मिलने पर डीएसपी मुख्यालय-वन अमर कुमार पांडेय और नामकुम पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डीएसपी के अनुसार, घटनास्थल नदी किनारे और कम आबादी वाले इलाके में है, जिसके कारण लंबे समय तक शव पड़े रहने की जानकारी किसी को नहीं मिल सकी।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

गुरुवार सुबह एक स्थानीय युवक अपने घर की छत पर सब्जियां तोड़ने गया था। इसी दौरान उसे दुर्गंध महसूस हुई। परिसर में पहुंचने पर शव दिखाई दिया, जिसके बाद उसने आसपास के लोगों को सूचना दी और डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद एफएसएल टीम को बुलाया। डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने बताया कि शव का मांस पूरी तरह सड़ चुका है और केवल कंकाल बचा है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि मृतक का सिर काटा गया था या फांसी लगाने के बाद लंबे समय तक पड़े रहने से सड़कर अलग हो गया। पुलिस दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक जींस पैंट पहने हुए था और घटनास्थल पर काले रंग की टी-शर्ट भी टंगी मिली।

मकान की मालकिन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने मकान किराए पर देने के लिए बनवाया था, लेकिन किराएदार नहीं मिलने के कारण वह खाली था। करीब डेढ़ महीने पहले स्थानीय लोगों ने उन्हें परिसर का ताला तोड़कर कुछ नशेड़ियों के जमावड़े की सूचना दी थी। इसके बाद उन्होंने सफाई कराकर दोबारा ताला लगवा दिया था। बाद में फिर ताला टूटने की जानकारी मिलने पर उन्होंने ताला लगवाया, लेकिन इसके बाद मकान की ओर जाना छोड़ दिया था। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ और विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों के आधार पर मृतक की पहचान करने में जुटी है। एफएसएल जांच और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

About The Author

You may have missed