वाहन चलाते समय बिगड़ी चालक की तबीयत, गड्ढे में गिरा वाहन, 46 वर्षीय चालक की मौत

जमशेदपुर : आजादनगर रोड नंबर 19 स्थित गरीब कॉलोनी निवासी कान्वाई चालक मो. मुस्तफा (46) की बुधवार शाम सिमडेगा जिले के कोलाबिरा में सड़क हादसे में मौत हो गई। वह पुणे से चेचिस वाहन लेकर खड़गपुर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलने के बाद जमशेदपुर स्थित उनके घर में शोक का माहौल है।
मृतक के साथी कपाली बाबा कुंडी निवासी कान्वाई चालक मो. सज्जाद ने बताया कि दोनों 28 सितंबर को जमशेदपुर से कान्वाई वाहन लेकर पुणे गए थे। वापसी में उन्हें पुणे से खड़गपुर के लिए वाहन मिला था। रास्ते में मुस्तफा की तबीयत खराब होने पर वाहन रोककर कुछ देर आराम किया गया। इसके बाद दोनों दोबारा रवाना हुए, लेकिन वाहन चलाते समय मुस्तफा की तबीयत फिर बिगड़ गई। सज्जाद ने हार्ट अटैक आने की आशंका जताई है। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गया और मुस्तफा की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन गुरुवार को कोलाबिरा पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर आजादनगर के लिए रवाना हो गए। मुस्तफा अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। उनकी मौत से परिवार और स्थानीय लोगों में शोक है।




