अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी, 200 लीटर चुलाई शराब और 12,000 किलोग्राम जावा महुआ जब्त

जमशेदपुर : दुर्गापूजा को देखते हुए जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने छापेमारी अभियान चलाया। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर विभाग की टीम ने एमजीएम और सीतारामडेरा थाना क्षेत्रों के छायानगर एवं बड़ाबांकी में कार्रवाई की। इस दौरान लगभग 200 लीटर अवैध चुलाई शराब और 12,000 किलोग्राम जावा महुआ बरामद कर जब्त किया गया।


अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्तता के मामले में कुल दो अभियुक्तों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत फरार अभियोग दर्ज किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से त्योहार के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार, दुर्गापूजा के दौरान कानून-व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।


