दुर्गापूजा पंडालों में हवन पर रोक, दो एग्जिट गेट अनिवार्य, अग्निशमन विभाग ने जारी किए निर्देश

बिहार : दुर्गापूजा के दौरान आग से बचाव और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीआइजी अग्निशमन मनोज कुमार नट के अनुसार, इस वर्ष राज्य में करीब 20 हजार पूजा पंडाल बनने की संभावना है, जिनमें करीब 1500 बड़े पंडाल होंगे। पटना में अब तक करीब 1500 पंडालों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है, जिनमें 100 से 150 बड़े पंडाल शामिल हैं। अग्निशमन विभाग ने पूजा समितियों को पंडाल के अंदर हवन नहीं करने का निर्देश दिया है। साथ ही प्रत्येक पंडाल में कम से कम दो एग्जिट गेट और रेत व पानी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखने को कहा गया है।
पटना में आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए शहर को चार जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में अग्निशमन की गाड़ियां तैनात रहेंगी, ताकि आपात स्थिति में दमकल की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंच सके। डीआइजी ने बताया कि आग लगने जैसी घटनाओं के दौरान लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए विशेष रेस्क्यू टीम भी तैयार की जा रही है। इसके अलावा बड़े पूजा पंडालों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
डीआइजी अग्निशमन मनोज कुमार नट ने बताया कि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए राज्य के सभी जिलों के संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। जिला अग्निशमन पदाधिकारियों (DFO) के साथ नियमित वर्चुअल बैठकें आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।




